रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। रामनवमी पर्व के दौरान बीते 27 मार्च को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के खेतको में बड़ा हादसा हो गया था। इस हादसे में एक लाख 32 हजार वोल्ट हाई टेंशन विद्युत की चपेट में आने से छह युवा गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
हुए हादसे को लेकर बोकारो जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस क्रम में 28 मार्च को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
खेतको में रामनवमी जुलूस के दौरान करंट की चपेट में आने से 6 युवा घायल हो गए थे। घायलों में स्थानीय रहिवासी मिथिलेश ठाकुर, अनिल रविदास, गुलाब चंद्र दास, मदन कुमार नायक, शुभम कुमार दास और रूद्र दास शामिल है, जिनका इलाज बीजीएच में चल रहा है। राहत की बात है कि सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बीजीएच में घायलों से भेंट के बाद डीसी झा ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा दी जाए। साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन डॉ ए. बी. प्रसाद को पूरे इलाज की निगरानी करने को कहा।
बताया जाता है कि उक्त हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिससे बड़ी घटना टल गई। उक्त मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। टीम को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने घायलों से कहा कि स्वस्थ होने के बाद भगवान श्रीराम और हनुमानजी को लड्डू चढ़ाएं और आमजनों को भी जागरूक करें। साथ ही आमजनों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
![]()













Leave a Reply