Advertisement

बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने वृद्ध आश्रम पहुंचे डीसी व् डीडीसी

आगामी 30 जून तक गुरुजी वाटिका संवारने का दिया निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के अमूल्य धरोहर हैं।

इसी सोच के साथ 30 मई को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने जिला के हद में चास के सोलागडीह स्थित बाबा बैद्यनाथ जन सेवा समिति वृद्ध आश्रम का दौरा किया। इस दौरान डीसी व् डीडीसी ने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने आश्रम परिसर स्थित गुरुजी वाटिका को बुजुर्गों के लिए और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले माह 30 जून तक वाटिका के विकास से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। वाटिका में पथ-वे निर्माण, पेवर्स ब्लॉक बिछाने, बैठने की समुचित व्यवस्था, हरित वातावरण के विकास सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि वृद्धजन शांत और सुखद वातावरण में समय व्यतीत कर सके।

उन्होंने बताया कि वाटिका के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को केवल आश्रय उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित एवं आनंदमय जीवन का वातावरण उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। मौके पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी जिला प्रशासन गंभीर नजर आया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अटल क्लीनिक के चिकित्सक प्रत्येक सप्ताह वृद्ध आश्रम पहुंचकर सभी वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच करें। साथ ही जिले के अन्य वृद्धाश्रमों में भी नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, मेयर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों के बीच फल एवं फूड पैकेट का वितरण किया। अधिकारियों द्वारा किए गए आत्मीय संवाद और सम्मानपूर्ण व्यवहार से वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे। कई बुजुर्गों ने जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए इसे उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम का एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहलू तब सामने आया, जब सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने गुरुजी वाटिका में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरियाली न केवल पर्यावरण को संतुलित रखती है, बल्कि बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य, शांति और सकारात्मक ऊर्जा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मौके पर चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। जिला प्रशासन की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाल जीवन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील, उत्तरदायी और प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *