विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। धनबाद रेल मंडल के गोमिया रेलवे स्टेशन में यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार को लेकर माकपा नेताओं ने यहां सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी गोमिया प्रखंड कमेटी ने गोमिया रेलवे स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर 17 अप्रैल को स्टेशन प्रबंधक को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा। माकपा राज्य कमेटी सदस्य रामचंद्र ठाकुर एवं प्रखंड सचिव राकेश कुमार ने कहा कि धनबाद रेल मंडल और पूर्व मध्य रेलवे लगातार गोमिया स्टेशन और यहां के यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में चल रही कोलकाता-चेन्नई एवं कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस का ठहराव गोमिया में नहीं है। हाल ही में शुरू हुई धनबाद-भोपाल एवं धनबाद-मुंबई एक्सप्रेस का भी स्टॉपेज गोमिया को नहीं दिया गया, जिसे पार्टी ने गोमिया की जनता के साथ अन्याय बताया है।
स्टेशन प्रबंधक को सौंपे गये मांग पत्र में सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव गोमिया में करने, धनबाद-नई दिल्ली, धनबाद-काटपाड़ी वेल्लोर हटिया-आसनसोल, बरकाकाना-देवघर समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने और उनका स्टॉपेज गोमिया में करने की मांग शामिल है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि गोमिया बड़ी आबादी वाला औद्योगिक क्षेत्र है। यहां से हजारों यात्री रोजाना सफर करते हैं। सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होना यात्रियों के साथ भेदभाव है। मौके पर प्रखंड कमेटी सदस्य भोला स्वर्णकार, अजय कुमार, सूरज कुमार, धनंजय कुमार, सुबोध कुमार, कृष्ण कुमार, विजय कुमार, संजय पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply