ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। सार्वजनिक स्वच्छता और सफाई को बढ़ावा देने के संदेश के साथ प्रधान जिला जज बोकारो ने जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों के साथ मिलकर 3 अगस्त को तेनुघाट स्थित सिविल कोर्ट परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। यह विशाल स्वच्छता अभियान मुख्य न्यायाधीश, तरलोक सिंह चौहान की उच्च न्यायालय झारखंड द्वारा की गई हालिया निरीक्षण यात्रा के पश्चात प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रारंभ किया गया है।
इस अवसर पर तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला जज प्रथम फहीम किरमानी ने कहा कि स्वच्छता से हम स्वस्थ रहते हैं और मन भी प्रसन्न रहता है। इसलिए हमें हमेशा अपने घर के आस पास स्वच्छ रखना चाहिए। अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति बेरमो के सचिव सह व्यवहार न्यायालय तेनुघाट के एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छ अभियान से पूरे देश में रहिवासी अपने घरों के आस पास स्वच्छ रख रहे हैं। इसलिए हमें यह प्रण लेना चाहिए कि हम स्वच्छता पर ध्यान दें और आस पास के रहिवासियों को भी स्वच्छता पर ध्यान देने को जागरूक करना होगा।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर के समीप उपस्थित न्यायाधीशों और कर्मचारियों ने झाड़ू उठाकर स्वच्छता के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। ध्यान देने योग्य है कि कोर्ट परिसर में इतने व्यापक स्तर पर सफाई कार्य इससे पहले कभी नहीं देखा गया था। जिससे समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का नया मानक स्थापित हुआ है। यह अभियान आगामी 10 अगस्त तक चलेगा। जिसमें सभी कोर्ट ब्लॉक, प्रतीक्षा क्षेत्र, रिकॉर्ड कक्ष और आसपास के रास्तों की सफाई की जाएगी।
इस अवसर पर तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के कुटुम्ब न्यायालय प्रेमनाथ पांडेय, जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, जिला जज तृतीय नीरज कुमार, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला, राज कुमार पांडेय के साथ राम कृष्ण गुप्ता, सुजय आनंद, विनोद तांती, राजेश्वर कुमार जयसवाल, भागीरथ कुमार, उदय सिंह, अजय कुमार, मुकेश कुमार सहित न्यायालय के कर्मचारीगण भी शामिल थे। यह स्वच्छता अभियान केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था के भीतर निरंतर सामूहिक प्रयास और नागरिक अनुशासन का आह्वान है।
![]()













Leave a Reply