Advertisement

डीपीएस बोकारो में स्टार शेफ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाए पाक-कौशल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में 24 मार्च को शैक्षणिक उत्कृष्टता और पाक-कला के नवाचार का एक अनूठा संगम देखने को मिला। सीबीएसई कौशल शिक्षा के तहत विद्यार्थियों के समग्र विकास के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो स्टार शेफ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

विद्यालय के अश्वघोष कला क्षेत्र में आयोजित डीपीएस बोकारो स्टार शेफ नामक इस प्रतियोगिता में बच्चों और उनके अभिभावकों की जोड़ी ने पाक-शास्त्र में अपनी निपुणता का लोहा मनवाया। नवाचार युक्त एक से बढ़कर एक शाकाहारी व्यंजन बनाकर बच्चों ने उपस्थित शिक्षकों व् अभिभावकों की भरपूर सराहना पाई। साथ ही, पोषण युक्त स्वस्थ आहार का संदेश भी दिया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने इस मंच को न केवल पाक-निपुणता प्रदर्शित करने का अवसर, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने का जरिया भी बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के दौर में पाक-कौशल करियर की अपार संभावनाओं से भरा है और भारत में एक करोड़ से अधिक देशवासी इस क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं।

कहा कि रसोई से निकली यह राह स्वावलंबन का एक सशक्त मार्ग है, जिसे डीपीएस बोकारो अपने विद्यार्थियों के समग्र उत्थान के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।
प्रतियोगिता में भारतीय व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाने वाले विभिन्न लब्ध-प्रतिष्ठित खानसामों के नाम पर बनाई गईं टीमों में दर्जनों प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

फल, सब्जी, दूध, दही, मक्खन, पनीर, चॉकलेट, चावल आदि से भांति-भांति के व्यंजन तैयार कर उन्होंने भारत की पाक विविधता को भी बखूबी प्रदर्शित किया। उन्होंने नॉटी पनीर रोल, शान-ए-पान शरबत, करी लीव्स राइस, केसर अंगारे, नवाबी सिल्की कबाब, मखाना भेल, कीवी जूस, बीट रूट कबाब, पंजाबी तड़का, दहीवड़ा, बंगाली ब्लिस रैप जैसी रेसिपी तैयार कर वातावरण में जायके की ऐसी खुशबू बिखेरी कि सभी मंत्रमुग्ध हो उठे।

व्यंजनों के स्वाद, उनमें नयापन, पोषण-संबंधी उनकी महत्ता, समय-प्रबंधन, स्वच्छता तथा प्रस्तुति के आधार पर अलग-अलग कैटेगरी में विजेताओं की घोषणा की गई। डिश ऑफ द डे के लिए नायशा सिंह व अनीता सिंह, बेवरेज ऑफ द डे के लिए परिना पांडा और पिया सेन, सर्वाधिक रचनात्मक प्रस्तुति के लिए पूनम चौधरी व आयोना चौधरी तथा स्वच्छता के लिए वागीशा और कुमारी विनीता की जोड़ी विजेता रही।

ओवरऑल विजेताओं में अल्का श्वेता रानी और अर्णव महाराज प्रथम, पूनम सिंह व अपूर्व सिंह द्वितीय तथा नीतू सिंह और हर्षित चंदन तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता के निर्णायकों में अयोध्या हिल्स स्थित कुशलपल्ली से पहुंचे सीनियर शेफ राधाश्याम बेहरा और बोकारो के पाक कला विशेषज्ञ राज कुमार गुप्ता शामिल रहे। उन्होंने भी बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *