सोनपुर में पूर्व मध्य रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में 26 मई को जिला के हद में सोनपुर स्थित रेलवे अधिकारी क्लब में पूर्व मध्य रेल की मंडल संसदीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, सांसद वीणा देवी, सांसद तारिक अनवर और सांसद राजेश वर्मा सहित सोनपुर रेल मंडल के सौ से अधिक वरीय रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने अध्यक्ष रूडी और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद रेल विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे से जुड़े नीतिगत विषयों पर विस्तृत चर्चा की गयी।

आयोजित बैठक के दौरान रेलवे प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) के निर्माण और बंद होने वाले फाटकों के बदले बनने वाले वैकल्पिक मार्गों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। रेलवे सुरक्षा के मोर्चे पर अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए रेलवे प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए छोटे-बड़े सभी स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके लिए एक सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, स्टेशनों के पुनर्निर्माण के दौरान उनकी ऐतिहासिक पहचान को पूरी तरह बरकरार रखने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में बछवाड़ा-कटिहार रेल खंड पर चौथी रेल लाइन के निर्माण की योजना पर विशेष रूप से विचार किया गया। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित स्टेशनों के अतिरिक्त अन्य स्टेशनों के विकास, सौंदर्यीकरण और रखरखाव पर भी मंथन किया गया। भविष्य की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से सोनपुर आयोजना क्षेत्र और प्रस्तावित सैटेलाइट टाउन को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर प्रारंभिक चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और रेलवे के बीच बेहतर तालमेल के लिए बड़ा निर्णय लिया गया। कहा गया कि प्रत्येक सांसद के संसदीय क्षेत्र से संबंधित रेल परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण, समयबद्ध कार्रवाई और क्षेत्रीय समन्वय के लिए रेलवे द्वारा एक-एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो सांसदों के साथ निरंतर संपर्क में रहेंगे। बैठक में उपस्थित सभी सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेल समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर मौजूद रेल अधिकारियों ने संबंधित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति साझा की।
![]()













Leave a Reply