Advertisement

चीरा चास एवं पिंड्राजोरा थाना का बोकारो एसपी ने किया औचक निरीक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने 29 मई को जिला के हद में चीरा चास एवं पिंड्राजोरा थाना का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सिरिस्ता के कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं विधि सम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना आम जनता के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला केंद्र होता है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए।

एसपी द्वारा थाना में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन तथा रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बताया जाता है कि निरीक्षण क्रम में एसपी ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, मालखाना, हाजत, रिकॉर्ड रूम तथा दैनिक कार्य प्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, जवाबदेही और जनसंपर्क बेहतर बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम जनों का भरोसा और मजबूत हो।

इस अवसर पर एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि बोकारो पुलिस की प्राथमिकता आम जन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है। थाना स्तर पर लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जनता की शिकायतों का पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। कहा कि पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर शिकायत को गंभीरता से लें और पीड़ित को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध नियंत्रण मजबूत होगा। थाना में आने वाले प्रत्येक समस्याग्रस्त के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा विधि व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोकारो पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आम जनों के विश्वास को और मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *