Advertisement

पृथ्वी दिवस पर डॉ एस. राधाकृष्णन कॉलेज के कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पृथ्वी दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में चास स्थित डॉ एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन चिकसिया में 22 अप्रैल को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में कॉलेज के सचिव राज कुमार प्रिय, प्राचार्य एस. पी. सिंह, पर्यावरणविद् लोकेश डे तथा चिन्मय विद्यालय बोकारो के पूर्व प्राचार्य ए. के. झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पृथ्वी संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नियोती कुमारी ने कहा कि पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। सचिव राज कुमार प्रिय ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करते हैं।

कॉलेज के प्राचार्य एस. पी. सिंह ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरत है। हमें विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना होगा। पर्यावरणविद् लोकेश डे ने कहा कि यदि हम अभी नहीं जागे तो भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को पेड़ लगाना और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लेना चाहिए। विशिष्ट अतिथि ए. के. झा ने कहा कि पृथ्वी हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। इसे बचाना हम सभी का कर्तव्य है और इसकी शुरुआत हमें अपने घर और समाज से करनी चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *