एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो एवं आसपास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमलो रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। जानकारी पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल द्वारा बीते 25 मई को जारी आधिकारिक पत्र में दी गई है।
ज्ञात हो कि भाजपा नेता विक्रम पांडेय ने धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र सौंपकर गोमो–बरकाकाना रेल खंड के फुसरो स्टेशन और अमलो हॉल्ट के बीच पुराना बीडीओ ऑफिस स्थित अमलो रेलवे क्रॉसिंग (एलसी संख्या 13/एसपीएल) पर फ्लाई ओवर अथवा अंडर पास निर्माण की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में बताया था कि रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने से आम राहगीरों, मरीजों तथा स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी जवाबी पत्र में बताया गया है कि पुराना बीडीओ ऑफिस स्थित अमलो रेलवे क्रॉसिंग के पास रोड ओवर ब्रिज निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है। रेलवे निर्माण विभाग द्वारा परियोजना का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है तथा स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त परियोजना के लिए सीसीएल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रतीक्षा की जा रही है।

इसके अतिरिक्त भाजपा नेता विक्रम पांडेय ने फुसरो स्टेशन पर 11361/11362 भोपाल-धनबाद –भोपाल त्रिसाप्ताहिक एक्सप्रेस तथा 13379 /13380 धनबाद –लोकमान्य तिलक टर्मिनल –धनबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि फुसरो एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यवसायिक क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में रहिवासी देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इन ट्रेनों का ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। उन्होंने हटिया पटना एक्सप्रेस में गोमो-बड़काकाना से चलकर जाने वाली बड़काकाना-पटना बोगी को पूर्व की तरह जोड़ने की मांग की। जिस पर उन्हें रेलवे प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई करने की बात कही गयी है।

पांडेय ने रेलवे प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा गया कि आरओबी निर्माण से क्षेत्र की लाखों आबादी को जाम और फाटक बंद रहने की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। क्षेत्रवासियों ने भी रेलवे की इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे फुसरो, अमलो और आस -पास के इलाकों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। रेलवे की इस पहल से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार आने की उम्मीद है।
![]()













Leave a Reply