एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कस्तूरबा श्रीविद्या निकेतन ढोरी एवं कस्तूरबा संकुल के सभी विद्यालयों में 26 मार्च को वार्षिक परीक्षा फल घोषित किया गया।
जानकारी के अनुसार इस अवसर पर विद्यालय के भैया बहनों के उत्साह वर्धन के लिए कस्तूरबा श्रीविद्या निकेतन ढोरी में मुख्य अतिथि के रूप में नप फुसरो के वार्ड पार्षद अर्चना सिंह एवं जनता मजदूर संघ ढोरी क्षेत्र के सचिव विकास सिंह शामिल थे।
कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय सचिव धीरज कुमार पांडेय, प्रधानाचार्या रूमी सरकार, मुख्य अतिथि एवं अभिभावकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर व् द्वीप प्रज्वलन से किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए संजू ठाकुर ने परीक्षा फल घोषित करते हुए कहा कि मुझे अत्यंत हर्ष और गौरव की अनुभूति हो रही है। कहा कि यह परीक्षा परिणाम केवल अंकों का विवरण नहीं, बल्कि पूरे वर्ष छात्रों द्वारा की गई कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिबिंब है।
इस सत्र में विद्यालय ने न केवल अकादमिक उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित किया, बल्कि सतत एवं व्यापक मूल्यांकन प्रणाली के माध्यम से छात्रों के मानसिक, रचनात्मक और सामाजिक कौशलों का भी आकलन किया है। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षाफल तैयार करने में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सटीकता का पूर्ण ध्यान रखा गया है। जिसमें मासिक टेस्ट, अर्धवार्षिक परीक्षा, सह-शैक्षिक गतिविधियों और व्यक्तिगत गुणों को सम्मिलित किया गया है।
कार्यक्रम के अगले चरण में अतिथियो द्वारा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहनों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ऑल ओवर टॉपर कक्षा अरुण से द्वितीय में वंशिका कुमारी, कक्षा तृतीय से पंचम में अन्वी कुमारी, कक्षा षष्ठ से नवम में वीणा कुमारी को अतिथियों द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। ऑल ओवर टॉपर निम्न मापदंड के आधार पर तय किए गए थे।
कुल प्रतिशत, विषयों की उत्कृष्ट, अनुशासन, उपस्थित, कक्षा में भागीदारी, कार्यक्रमों में भागीदारी आदि। मुख्य अतिथि जमसं क्षेत्रीय सचिव विकास सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा का परिणाम चाहे जो भी रहा हो, याद रखें परीक्षा फल हमारी पूंजी है। कहा कि जिन्होंने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें अपनी इस सफलता को जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए और आगे भी इसे बरकरार रखने का प्रयास करना चाहिए। उन भैया-बहनों से, जिन्हें उम्मीद के अनुसार परिणाम नहीं मिले निराश न हों। कम अंक आना या असफल होना, हार नहीं है। हार तब होती है जब हम कोशिश करना छोड़ देते हैं। कहा कि आपने जो मेहनत की है, वह कभी बेकार नहीं जाएगी। वह अनुभव बनकर आपको भविष्य में मजबूती देगी। इसी तरह आप मेहनत करते रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूमी सरकार ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे शिक्षकों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के अटूट विश्वास की वे सराहना करती है। कहा कि आप सभी का सहयोग ही इन बच्चों को आगे बढ़ाता है। कहा कि याद रखें, जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन अनुशासन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। अगली कक्षा के लिए आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
विद्यालय के सचिव धीरज कुमार पांडेय ने भैया बहनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी में असीम क्षमताएं हैं।
अगली कक्षा में नई ऊर्जा, नए सपनों और नए संकल्पों के साथ कदम रखें। अपने सपनों को पाने के लिए खुद पर विश्वास रखें और अपनी मेहनत पर भरोसा रखें। मैं कहूँगा कि आप सभी का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। अगली बार हम और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के अंत में आचार्या विभा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।
![]()













Leave a Reply