अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में गंगा-गंडक संगम की पावन धरा सोनपुर के सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत में 27 मार्च को श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सबलपुर के चाई टोली-बिंद टोली (वार्ड नंबर 1) स्थित महारानी स्थान के प्रांगण में श्रीराम जन्मोत्सव एवं अखंड अष्ट्याम महायज्ञ के उपलक्ष्य में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
बताया जाता है कि कलश सह जल यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने शिरकत की। जय श्रीराम, जय बाबा हरिहरनाथ और हर-हर महादेव के जयकारों से सबलपुर दियारा के चारों पंचायत (पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और मध्यवर्ती) पूरी तरह गुंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

विशाल शोभायात्रा का भ्रमण मार्ग में श्रद्धालु व समाजसेवी लालबाबू पटेल ने बताया कि कलश यात्रा यज्ञ स्थल से मां भगवती का आशीर्वाद लेकर शुरू हुई। कहा कि यह यात्रा सबलपुर दियारा के मध्यवर्ती पंचायत की दलित बस्ती, नया बाजार, बभनटोली और लाला टोली होते गुजरी। इसके बाद कुम्हार टोली, पुराना बाजार और पश्चिमी पंचायत के सुधार चौक से होते हुए कुमार घाट पहुंची। कुमार घाट पर आचार्य पंडित रमेश तिवारी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल मातृका का पूजन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने विधिवत कलश में जल भरा और पुनः यज्ञ स्थल महारानी स्थान पहुंचे। यहाँ पवित्र यज्ञ मंडप की परिक्रमा के बाद मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित किए गए, इसके साथ ही 24 घंटे का अखंड अष्ट्याम यज्ञ प्रारंभ हो गया।
यज्ञ समिति के अनुसार, 28 मार्च को 24 घंटे की अवधि पूर्ण होने के बाद महायज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में मुख्य यजमान जवाहर सिंह, पांचू महतो, कामेश्वर महतो, मुन्ना महतो, अनिल राय, अमर राय, अजीत राय, पुलिस महतो, दिलीप महतो के साथ-साथ निभा कुमारी, श्रद्धा देवी, अंजलि कुमारी, रूपा कुमारी, अंजू कुमारी, प्रमिला देवी, रिंकू देवी, ममता देवी सहित सैकड़ों भक्तगण सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे।
![]()













Leave a Reply