Advertisement

तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

मुआवजे की मांग को लेकर रहिवासियों ने किया एनएच-32 को जाम

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। धनबाद–पुरुलिया मुख्य मार्ग पर 6 मई की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने एनएच-32 को जाम कर दिया।

बताया जाता है कि यह दर्दनाक घटना बोकारो जिला के हद में पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के चास कॉलेज कांड्रा के समीप घटी, जहां एक अनियंत्रित एचपी तेल टैंकर क्रमांक-JH10AS/6853 ने बाइक क्रमांक-JH09BM/3787 सवार युवक को बुरी तरह रौंद दिया। जिससे मौके पर हीं बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के कुमारदागा पंचायत अंतर्गत रानी चिड़िया रहिवासी था। उसकी पहचान अकलू कुम्हार के पुत्र दीजो पद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक सुबह लगभग 8 बजे अपने घर से बाइक लेकर चास की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पिण्ड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीण रहिवासियों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-32 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। बाद में मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने तथा दोषी टैंकर चालक पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना है। स्थानीय रहिवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *