Advertisement

सीएम केजरीवाल को जमानत मिलने पर आप कार्यकर्ताओं ने जताया हर्ष

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 10 मई को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अंतरिम जमानत मिलने पर आप के प्रदेश संयोजक देवनाथ सिंह और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने हर्ष व्यक्त किया है।

आप नेताओं ने इस फैसले के लिए सर्वोच्च न्यायालय का आभार प्रकट करते हुए आप पार्टी के सभी साथियों को साधुवाद दी है।

इस अवसर पर आप के झारखंड प्रदेश संयोजक सिंह ने कहा कि यह अंतरिम राहत भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाह सत्ता के लिए करारा झटका है। उन्होंने कहा कि ईडी मोदी सरकार के इशारे पर जमानत का जी-तोड़ विरोध करती रही, लेकिन न्यायालय ने सीएम केजरीवाल के पक्ष में राहत दी है।

आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को अंतरिम राहत देश में लोकतंत्र, संविधान और देश बचाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की विपक्ष को जेल भेजने की नीति को करारा जवाब है। कहा कि अब लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार तय हो गयी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *