एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल में 11 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-फित्र मनाई गई। मुसलमानों के इस महापर्व में क्षेत्र के हिदू भाइयों ने भी शरीक होकर भाईचारे के माहौल को बढ़ावा दिया।
जानकारी के अनुसार बेरमो कोयलांचल के सभी मस्जिदों तथा ईदगाहों में ईद-उल-फित्र की दो रिकअत नमाज स्थानीय इमामों ने पढ़ाई। इसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने में सभी मशरूफ हो गए। हर तरफ ईद मुबारक की सदाओं की गूंज से पूरा वातावरण ईदमय हो गया।

इस अवसर पर फुसरो के रहीमगंज, भेड़मुक्का, पटेलनगर व् रजानगर के अलावा करगली, जरीडीह बाजार, सुभाषनगर, अमलो, अंगवाली, चलकरी बस्ती, खेतको बस्ती, असनापानी, झिरकी, कथारा, बोकारो थर्मल, स्वांग, गोमियां, साड़म, होसिर, जारंगडीह, संडेबाजार, गांधीनगर, कुरपनिया, नावाडीह, ऊपरघाट, मुंगो, सुरही, चंद्रपुरा, दुग्दा आदि इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में सुबह होते ही ईद की नमाज पढ़ने को रहिवासियों की भीड़ जुटने लगी।
सर्वाधिक उत्साह बच्चों में दिखा, जो सुबह होते ही नहा-धोकर और नए-नए वस्त्र धारण कर तैयार हो गए थे। साथ ही अपने पिता सहित घर के अन्य बड़ों से ईदी वसूलकर खनकते सिक्कों से भरी जेबों के साथ मुहल्ले में लगे स्टालों व ठेलों पर जाकर गोलगप्पे, चाट आदि का लुत्फ उठाने में जुटे रहे।
ईद की नमाज के पहले सबों ने लच्छे व सेवइयों से अपना मुंह मीठा किया। इसके बाद अल्लाहु अकबर, अल्लाहु अकबर लाइलाहा इल्लल्लाह, वल्लाहु अल्लाहु अकबर व लिल्लाहिलहम्द की तकबीर बुदबुदाते हुए चल पड़े मस्जिद व ईदगाहों की ओर। ईद की नमाज की अदायगी के बाद नमाजी एक-दूसरे से गले मिलते हुए ईद की मुबारकवाद देते-लेते हुए अपने-अपने घरों को पहुंचे। जहां लच्छे-सेवइयों के साथ ही छोला-दहीबड़ा, पुलाव, बिरयानी आदि की दावतों का दौर चला।
ईद के अवसर पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह, भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह, बेरमो चेंबर के अध्यक्ष आर.उनेश आदि ने क्षेत्र में घूम-घूम कर मुस्लिम धर्मावलंबियों को ईद की बधाई और मुबारकबाद दिया। नमाज के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने को पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी थी।
सभी मस्जिदों व ईदगाहों के निकट प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ ही स्थानीय पुलिस के जवान और अधिकारी मुस्तैद रहे। जगह-जगह हाइवे पेट्रोलिग की टीम मोर्चा संभाले तत्पर दिखी। इस बार पुलिस प्रशासन ने विधि व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किया था।
![]()













Leave a Reply