Advertisement

साड़म में पांच सौ इक्कावन कलश के साथ निकाली गयी जल यात्रा

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। महायज्ञ को लेकर गोमियां प्रखंड के हद में साड़म बाजार में पांच सौ इक्कावन कलश के साथ जल यात्रा निकाली गयी। जल यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ शामिल हुई।

जानकारी के अनुसार 9 मार्च को गोमियां प्रखंड के हद में साड़म पश्चिमी पंचायत स्थित मंडई टोला में श्रीश्री 1008 नरसिंह देव् मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह पंच दिवसीय महायज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसे लेकर 551 कलश के साथ जलयात्रा निकाला गया। बताया जाता है कि इस जल यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस दौरान भक्तों के नारों व देवी देवताओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर यज्ञ मंडप से गाजे बाजे के साथ निकली जल यात्रा मंडईटोला, नउआ टोला, राजपूत टोला आदि गांवों का भ्रमण करते हुए बोकारो नदी तट पहुंची। यहां आचार्य अमित पांडेय द्वारा मुख्य यजमान नेहाल उपाध्याय को सपत्नीक संकल्प पाठ, गंगा पूजन, देव्-देवियों का आह्वान आदि विभिन्न अनुष्ठान कराया गया।

तत्पश्चात अभिमंत्रित कर कलश में जल भरा गया। जल यात्रा में शामिल महिलाएं एवं बच्चियां कलश में जल भरकर पुनः यज्ञ मंडप के लिए रवाना हुए। यज्ञ मंडप में श्रद्धालुओं द्वारा लाये गए जल भरे कलश को यज्ञ मंडप में विधिवत मन्त्रोंच्चारण के साथ स्थापित कराया गया।

इस अवसर पर महायज्ञ कमिटी के संरक्षक सह सूबे के पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह ने कहा कि 9 मार्च से शुरू हुए पांच दिवसीय श्रीश्री 1008 नरसिंह देव् मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में भगवान नरसिंह देव् के साथ साथ लक्ष्मी-गणेश एवं भगवान शंकर-पार्वती की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी। महायज्ञ के दूसरे एवं तीसरे दिन मंडप के देवताओं का पूजन, अग्नि मंथन द्वारा अग्नि स्थापन एवं आहुति प्रदान किया जायेगा।

बताया कि महायज्ञ के चौथे दिन मूर्तियों का देव् स्थापन के साथ नगर भ्रमण कराया जायेगा एवं महायज्ञ के अंतिम दिन मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं सामूहिक अभिषेक के साथ पूर्णाहुति की जायेगी।

मौके पर जिला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह, यज्ञ समिति के अध्यक्ष सह पूर्व जिप सदस्य प्रकाश लाल सिंह, सचिव अशोक राम, पंसस विष्णु देव, उप मुखिया पंकज जैन, समाजसेवी सूरज लाल सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में भक्तगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *