एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ठेका मजदूरों के विभिन्न मांगों के समर्थन में सेल बोकारो इस्पात संयंत्र के कोक ओवन बैटरी नंबर एक के सामने 7 मार्च को एचएमएस से संबद्ध क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ द्वारा सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता संघ के महामंत्री राजेंद्र सिंह ने की।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री सह-सदस्य एनजेसीएस राजेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बोकारो इस्पात संयंत्र के उत्पादन कार्य में ठेका मजदूर बहुसंख्यक की भूमिका में हैं। सीमित संसाधन और कम मेन पावर के बावजूद ठेका मजदूर की मेहनत और लगन की बदौलत संयंत्र उत्पादन का नित् नया कीर्तिमान रच रहा है। मगर ठेका मजदूरों को सिर्फ झारखंड सरकार के बीड़ी पत्ता एवं भवन निर्माण की न्यूनतम मजदूरी से संतोष करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जब उत्पादन अधिकतम तो मजदूरी न्यूनतम क्यों? हमें न्यूनतम नहीं अधिकतम मजदूरी चाहिए। कहा कि कामगारों की सारी कागजी खानापूर्ति पूरी होने के बाद भी ग्रुप इंश्योरेंस को लागू नहीं करना समझ से परे है। कहा कि ग्रेच्युटी और नाइट शिफ्ट एलाउंस पर भी लगातार टालमटोल से ठेका मजदूरों में आक्रोश बढ़ रहा है। एडबल्यूए वेज का भाग है। इसे भविष्य निधि के दायरे में लाना होगा।
महामंत्री सिंह ने कहा कि विगत कुछ वर्षों से प्लांट में सुरक्षा नियमों को ताक पर रख उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने का चलन बढ़ा है। जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्लांट में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना चाहिए।
सभा के अंत में सिंह ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि उपरोक्त सभी लंबित मांगों को अविलंब पूरा किया जाए, अन्यथा कभी भी ठेका मजदूरों के आक्रोश से औद्योगिक अशांति उत्पन्न हो सकती है।
सभा के बाद बैट्री नंबर 8 के सामने महामंत्री सिंह द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में सिंह के साथ बीएसएल बोकारो के मुख्य महाप्रबंधक कोक ओवन राकेश कुमार, महाप्रबंधक कोक ओवन (परिचालन) डी.एस. करारिया, महाप्रबंधक कोक ओवन पी. एस.कुमार, सहायक महाप्रबंधक (विद्युत) एस.के. प्रधान आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभा को सिंह के अलावे जुम्मन खान, आनंद कुमार, अमित यादव, टुनटुन सिंह, उज्जवल कुमार आदि ने संबोधित किया।
![]()













Leave a Reply