अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने 8 जनवरी को जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक की।
समन्वय समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि जिला में विधि व्यवस्था संधारण के साथ-साथ सभी विभागों के महत्वपूर्ण योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी विभागों के पदाधिकारीगण अपनी पूर्ण दक्षता के साथ प्रतिबद्ध होकर अपने दायित्वों का ससमय निर्वहन करें। डीएम ने कहा कि सभी पदाधिकारीगण अपने से संबद्ध कार्यों को पूर्ण करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, क्योंकि बेहतर कार्य-संस्कृति से ही उत्तरदायित्व का निर्वहन संभव है।

डीएम समीर ने बैठक में कार्य संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया। सभागार में जिला के सभी विभागों के कार्यालय प्रधान एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं अंचल में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी गणों के लिए कार्यालय में बैठने का एक निश्चित समय सूचना पट्ट पर अवश्य प्रदर्शित हो। इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक होगा। क्योंकि सरकार की छवि प्रखंड-अंचल में हो रहे जनता के सामान्य कार्यों को आसानी से संपादित होने पर ही बनती है। जिला के सभी विभागों के कार्यों की प्रत्येक महीने समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारीगण अपने-अपने विभागों के सरकारी पत्रों का रखरखाव आगत पंजी के जरिए प्रदर्शित करना सुनिश्चित करेंगे। कार्यालयों का नियमित निरीक्षण वरीय पदाधिकारी गणों द्वारा किया जाएगा। लंबित कोर्ट केसों की विस्तार से समीक्षा भी की गई।
मासिक समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के एवज में रैयतो को भुगतान के लिए विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया गया। प्राकृतिक आपदा से मृत व्यक्तियों के आश्रित परिजनों को अनुग्रह अनुदान की राशि नियमानुसार तत्काल देने का निर्देश दिया गया। गलत विद्युत विपत्र के सुधार के लिए विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी समीर ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को अपने अपने कार्यालयों की साफ-सफाई एवं कर्मियों की समय पर कार्यालय में उपस्थिति के साथ-साथ कागजातों के ढंग से रखरखाव के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन को टीम वर्क की भावना से काम करना चाहिए। विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से लक्षित कार्यों को आसानी से संपादित किया जा सकता है।
बैठक में सारण के उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी, अपर समाहर्ता मो. मुमताज आलम, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, कार्य विभागों के अभियंतागण, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सीडीपीओ आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply