Advertisement

अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से ऑटो पलटा, सवार घायल

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे ऑटो को एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। जिसमें ऑटो सवार दबकर बुरी तरह घायल हो गया। घटना 2 जनवरी की संध्या की बतायी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो जनवरी की संध्या लगभग सात बजे गोमियां प्रखंड हद में आईईएल विष्णुगढ़ मुख्य मार्ग में राजा राम होटल के समीप कोनार डैम से पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे ऑटो क्रमांक JHO9AC/8629 को अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जाता है कि इस टक्कर में ऑटो पलटने से उसका शीशा एवं हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि ऑटो चालक बाल-बाल बच गया। किंतु इसमें बैठे नव वर्ष मना कर लौट रहे बच्चे एवं बच्चियां घायल हो गये। जिसमें एक नवयुवक ऑटो पलटने से उसमें दब गया और उसे गंभीर चोटे आई है।

घटना के बाद आनन फानन में स्थानीय रहिवासियों ने घायलों को पास के आरडीयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि ऑटो में सवार सभी बच्चे हजारी पंचायत के पटवा बस्ती के रहने वाले हैं। इस घटना से ऑटो में सवार सभी बच्चे डर सहमें है।

घटना के समय जब तक रहिवासी कुछ समझते तब तक चार पहिया वाहन रफ्फु चक्कर हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *