बोकारो में बढ़ते अपराध को नियंत्रित करें एसपी अन्यथा होगा आंदोलन-अमित
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने 27 दिसंबर को बोकारो के पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी से उनके गोपनीय कार्यालय में भेंट की। भाजपा नेता ने एसपी से मिलकर जिला में बढ़ते अपराध को नियंत्रित करने की मांग की। उन्होंने इस संदर्भ मे पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा नेता अमित ने पुलिस अधीक्षक से बढ़ती अपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और उन्हें बताया कि ज़िले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आए दिन गोलीबारी, चोरी, छिनतई, रंगदारी की घटनाएँ शहर से लेकर गांव तक घट रही है। पुलिस मामलों पर कारवाई करने के बजाय मामले को रफा-दफ़ा करने में लगी है। आम जन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। समाज में अपराधियों का मनोबल बढ रहा है।
जमीन विवाद में भी हत्या, मार- पीट जैसी घटनाएँ बोकारो में बढ गई है। क्राइम दर बढ़ोतरी के मामले में बोकारो राज्य भर में तिसरे स्थान पर आ गया है। कहा कि जहाँ पूर्व में बोकारो की पहचान औद्योगिक एवं शैक्षणिक राजधानी के रूप में हुआ करती थी वह अब धूमिल होकर आपराधिक नगरी के रूप में तब्दील हो रही है। जिला में विशिष्ट जन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ भी अपराध की अप्रिय घटना घट रही है। कुमार अमित ने बोकारो एसपी से बढ़ती अपराधिक घटनाओं में कमी नहीं आने पर जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की भी बात कही। एसपी ने भाजपा नेता अमित को अपराध नियंत्रण करने की दिशा में ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
![]()













Leave a Reply