Advertisement

कोजवे से बुजुर्ग महिला का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट ओपी थाना क्षेत्र के तेनु-गोमियां पथ पर कॉजवे में एक बुजुर्ग महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। मृतका की पहचान गोमियां थाना के हद में पोस्ट ऑफिस मोड़ निवासी स्व. त्रिवेणी राम की 65 वर्षिया पत्नी मूर्ति देवी के रूप में की गयी है।

इस संबंध में तेनुघाट ओपी के सहायक अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि 21 नवंबर को दामोदर नदी के तेनुघाट कॉजवे में महिला का शव पानी में तैरता हुआ स्थानीय रहिवासियों द्वारा देखा गया।जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और स्थानीय तैराक के सहयोग से शव को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान उसके परिजनों द्वारा कर ली गयी है।

एएसआई के अनुसार जानकारी मिली है कि मृतका का मायका छपरगड्ढा है। संभवतः वह मायका जा रही थी। इसी क्रम में वह तेनुघाट कॉजवे के निकट एक होटल में कुछ देर के लिए रुकी थी। इसके बाद वह नदी के किनारे गई। नदी में कैसे गिरी इसकी जांच की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि सुबह ही घर से मायका जाने की बात कहकर निकली थी। पुलिस उक्त महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया तथा मामले की जांच में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *