पीयूष पांडेय/बड़बिल (ओडिशा)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर 20 नवंबर को अपने गृह जिले मयूरभंज पहुंचीं। भारत के राष्ट्रपति को सुरक्षित रूप से ले जाने वाला वायु सेना का एक विशेष विमान बारीपदा में उतरा। जहां से वह सीधे बारीपदा में ऑल ओडिशा संताली एसोसिएशन के 36वें वार्षिक सम्मेलन और साहित्यिक महोत्सव के उद्घाटन सत्र में भाग लेने के लिए रवाना हुईं।
उद्घाटन सत्र के बाद राष्ट्रपति का कुलियाना में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। मुर्मू की अपने गृहनगर यात्रा के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रोपदी मुर्मू की अपने गृह नगर की यह दूसरी यात्रा है।
मुर्मू की यात्रा से पहले उनके दोनों बेटों और पति की मूर्तियों को आकर्षक रंगों से सजाया गया है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्वारा ओड़िशा दौरे के दूसरे दिन 21 नवंबर को पहाड़पुर गांव में कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया जायेगा। इसके बाद वे बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन का दौरा करेंगी और तीन नई ट्रेनों (बादामपहाड़-टाटानगर मेमू, बादामपहाड़-राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस और बादामपहाड़-शालीमार साप्ताहिक एक्सप्रेस) को हरी झंडी दिखाएंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति रायरंगपुर का डाक मंडल स्मारक कवर जारी करने, बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगी। इस दौरान वे बादामपहाड़-शालीमार एक्सप्रेस से बादामपहाड़ से रायरंगपुर तक यात्रा करेंगी।
उसी शाम, राष्ट्रपति वीर सुरेंद्र साई प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बुर्ला के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। 22 नवंबर को राष्ट्रपति संबलपुर में ब्रह्मा कुमारीज द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा अभियान – नए भारत के लिए नई शिक्षा का शुभारंभ करेंगी। बाद में, राष्ट्रपति पुट्टपर्थी का दौरा करेंगी जहां वह सत्य साईं इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग के 42वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
![]()













Leave a Reply