प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। झारखंड में प्रवासी मजदूरों के मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह जिला के हद में सरिया थाना क्षेत्र के लुतियानो निवासी प्रवासी मजदूर की मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर की दोपहर मौत हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार सरिया थाना क्षेत्र के लुतियानो निवासी स्वर्गीय भीम महतो के 28 वर्षीय पुत्र सोमर महतो की मध्य प्रदेश के इंदौर में काम के दौरान बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गयी। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल हैं।
बताया जाता है कि मृतक सोमर महतो मध्य प्रदेश के इंदौर में बिल्डिंग लाइन में टाइल्स-मार्बल का काम करता था। मृतक अपने पीछे पत्नी के साथ दो मासूम बच्चो को छोड़ गया है। इस घटना को लेकर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि झारखंड के नौजवानों का मौत के मुंह में समाने की यह पहली घटना नहीं है।
इससे पहले भी झारखंड के कई मजदुरों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है। हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों की सबसे ज्यादा तादाद गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले से कमाने गये रहिवासियों की है। अपना घर छोड़कर परदेस गये इन मजदूरों की जिंदगी तो कष्ट में बीतती ही है, मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है।
किसी की लाश हफ्ते भर बाद आती है, तो किसी को महीने भी लग जाते हैं। ऐसे में सरकार को फिलहाल शव लाने की व्यवस्था करने के साथ-साथ रोज़गार की ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मजदूरो के पलायन को रोका जा सके।
![]()













Leave a Reply