Advertisement

उपायुक्त व् पुलिस अधीक्षक को बच्चों ने बांधा सुरक्षा सूत्र

जिला मुख्यालय में बच्चो से दोस्ती कार्यक्रम का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु के जन्मदिन पर बोकारो जिला मुख्यालय में बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सहित जिला मुख्यालय के दर्जनों अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा।

जिले में बच्चो से दोस्ती कार्यक्रम का आयोजन सहयोगिनी संस्था की ओर से 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। इस दौरान बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक, उप विकास आयुक्त कृतिश्री समेत अन्य पदाधिकारियों को सुरक्षा बैंड बांधकर बच्चों से दोस्ती करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए उपायुक्त चौधरी ने कहा कि बच्चों की किसी भी तरह की समस्या या परेशानी पर प्रशासन हर समय तत्पर है। उन्होंने बताया कि बच्चे किसी से डरे नहीं, बल्कि निडर होकर कोई भी परेशानी बताएं।

एसपी ने कहा कि बच्चों के किसी भी प्रकार की मुसीबत होने पर पुलिस हमेशा संवेदनशील है। इधर सिविल सर्जन डॉ दिनेश कुमार, श्रम अधीक्षक प्रवीण कुमार, जिला समाज कल्याण पधाधिकारी मेनका, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनीता झा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष शंकर रवानी, सदस्य प्रीति प्रसाद, रेनू रंजना, प्रगति शंकर, रजी अहमद आदि को भी सुरक्षा बैंड बांधकर बच्चो की सेवा की विस्तृत जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने बताया कि कोई भी बच्चा अगर मुसीबत में हो तो पुलिस प्रशासन को सूचना दें। सूचना मिलते ही बच्चे की सहायता की जाएगी। उन्होंने बताया कि कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाउंडेशन के सहयोग से बोकारो जिले के 150 गांव में बाल विवाह से मुक्ति को लेकर अभियान चलाया जा रहा है । साथ ही बाल मजदूरी के खिलाफ आगामी 20 नवंबर से सघन रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।

मौके पर सहयोगिनी के फुलेंद्र रविदास, रवि कुमार राय, प्रवीण कुमार, राजकिशोर शर्मा, अनिल हेंब्रम, सोनी कुमारी, पूर्णिमा देवी, अंजू देवी सहित दर्जनों बच्चे मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *