Advertisement

कहां से आंकड़े लाए हैं जफर इस्लाम-इरफान अंसारी

पिछले दरवाजे से सीएम बनने का सपना देख रहे हैं बाबूलाल मरांडी-विधायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। भाजपा द्वारा हाल के दिनों में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोपों की झड़ी लगाने को कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी ने गंभीरता से लिया है।

कांग्रेस के जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने 26 सितंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि 77 हजार करोड़ के घोटाले की बात करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम कहां से आंकड़े लेकर आए हैं। इतना तो राज्य का बजट है। उन्हें इसका स्त्रोत भी बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सचिव पूजा सिंघल को क्लीन चिट रघुवर दास की सरकार ने दिया था।

कहा कि झारखंड को भाजपा ने उपनिवेश बनाकर इतने सालों तक लूटा है। सबसे ज्यादा समय तक राज्य में भाजपा शासन में रही और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राजनीतिक तौर पर मुकाबला भाजपा नहीं कर पाई तो पहले ईडी को लगाया और अब इसके बाद अपने नेताओं से अनाप-शनाप बातें कहवा रही है।

विधायक डॉ अंसारी ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता ने नकार दिया था। अब 2024 में झारखंड से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में पिछले दरवाजे से गए बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।

उनका सपना चकनाचूर हो जाएगा। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लहर चल रही है। ये विरोध करने वाले नेताओं का मुंह बंद करने की साजिश रच रहे हैं। झारखंड की जनता भाजपाइयों को चुनाव में जवाब देगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *