एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। लातेहार जिला में सक्रिय झारखंड लाल टाइगर के पांच सक्रिय उग्रवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। पकड़े गये आरोपियों पर तुबेद कोल माइंस पर हमला, आगजनी व सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी बंदूक समेत अन्य सामग्री बरामद किया हैं।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने एक सितंबर को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने बीते 21 अगस्त की रात लातेहार सदर थाना क्षेत्र के डीवीसी द्वारा संचालित तुबेद कोल माइंस पर हमला कर सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की थी। साथ हीं कांटा घर में आग लगा दी थी।
एसपी ने बताया कि हमले में शामिल अपराधियों की धर-पकड़ के लिए एसडीपीओ संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। गठित टीम ने लातेहार, चंदवा, बालूमाथ समेत अन्य जगहों पर छापेमारी कर इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कोलियरी में आगजनी की घटना स्वीकार की है। पुलिस को उनसे कुछ अन्य अहम जानकारियां भी मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि पुलिस गिरफ्त में आये सभी अपराधी अन्य घटनाओं को भी अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि 4-5 अपराधियों ने मिलकर झारखंड लाल टाइगर (जेएलटी) नाम से एक संगठन बनाया है, जिसके नाम पर जिले में आतंक फैलाकर लेवी वसूलना इनका मकसद था। उन्होंने बताया कि उक्त संगठन का पुराने उग्रवादी संगठन जेएलटी से कोई लेना देना नहीं है।
एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अम्बाझारण, लातेहार का चंदन कुमार यादव, लेजांग, बालूमाथ का दिलीप यादव, टेमकी, लातेहार का दिपेन्द्र उरांव, उमेश कुमार यादव व् बालूमाथ का गुड्डु उरांव उर्फ विशुनदेव उरांव शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा, एक एयर गन, एक 315 बोर की गोली, एक 0.315 बोर का खोखा, एक चितकबरा वर्दी, एक सीम लगा मोबाईल बरामद किया गया है।
विशेष छापामारी दल में एसडीपीओ लातेहार संतोष कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी लातेहार आशुतोष कुमार, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बालूमाथ शशि रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर धोबी, गौरव सिंह, मो. शाहरुख, देवानन्द कुमार, राज रौशन सिन्हा, रोहित कुमार महतो समेत लातेहार थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
![]()













Leave a Reply