Advertisement

मजदूर संगठन समिति केंद्रीय महासचिव बच्चा सिंह के आवास पर एनआईए का रेड

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में डीवीसी के बोकारो थर्मल स्थित मजदूर संगठन समिति के केंद्रीय महासचिव बच्चा सिंह के आवास पर 2 मई को एनआईए का रेड हुआ। यह छापेमारी अहले सुबह पड़ी जो चार घंटे तक चली।

जानकारी के अनुसार मसंस महासचिव बच्चा सिंह के अलावा बोकारो थर्मल के नागेश्वर महतो के क्वार्टर नंबर एचएमडी 36 और झोपड़ पट्टी स्थित संजय तुरी के घर में भी छापेमारी की गयी है। वहीं ललपनिया में भी आदिवासी मूलवासी अधिकार मंच के नेता अनिल हांसदा के घर एनआईए ने दविश दी है। छापे के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

बताया जाता हैं कि छापेमारी में बोकारो थर्मल, गोमियां, बेरमो, जरीडीह, बालीडीह, पेटरवार थाना की पुलिस भी मौजूद थी।
बता दे कि, बच्चा सिंह को बीते 3 जून 2018 को नक्सली गतिविधि में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी चंदनकियारी के सियालजोरी स्थित पर्वतपुर से हुई थी।

उसके साथ एक अन्य दीपक महतो की भी गिरफ्तारी हुई थी। दीपक महतो बालीडीह थाना के हद में शिवूटांड़ का रहने वाला था। बच्चा सिंह के विरुद्ध पूर्व में बोकारो थर्मल, गोमियां, गिरिडीह के मुफ्फसिल एवं कतरास थाना में भी अर्बन नक्सली होने के आरोप में मामला दर्ज था। संजय तुरी और नागेश्वर महतो के विरुद्ध भी मामला दर्ज था।
अभी वे सभी जमानत पर बाहर हैं।

वर्ष 2017 में मजदूर संगठन समिति को नक्सलियों का अग्र संगठन होने के आरोप में झारखंड सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बाद 12 दिसंबर 17 को बोकारो थर्मल स्थित कार्यालय को सील कर दिया था। लेकिन झारखंड उच्च न्यायालय ने 11 फरवरी 2022 को संगठन से प्रतिबंध से हटा दिया है। इसके बाद भी बच्चा सिंह आदि एनआईए के रडार पर हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *