राजकीय सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई
मंत्री पुत्र ने अपने पिता को दी मुखाग्नि
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो हजारों हजार अपने चाहनेवालों को बिलखता छोड़कर 7 अप्रैल की संध्या पंचतत्व में विलीन हो गये। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी। मुखाग्नि उनके एकमात्र पुत्र राजू ने दी।
अंतिम यात्रा में राज्य के मुख्यमंत्री सहित आधा दर्जन मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण, सामाजिक कार्यकर्ता सहित हजारों की संख्या में आमजन शामिल हुए।

ज्ञात हो कि बीते 6 अप्रैल की सुबह लगभग 6 बजे इलाज के क्रम में चेन्नई के एक अस्पताल में झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो का निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को चेन्नई से एअरलिफ्ट कर 7 अप्रैल की सुबह झारखंड की राजधानी रांची लाया गया।
जहां विधानसभा सहित झामुमो मुख्यालय पर उनके पार्थिव शरीर को आम जनों के दर्शन के लिए रखा गया था। यहां से दोपहर उनके पार्थिव शरीर को उनके बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा प्रखंड के आलरगो लाया गया।

यहां से उन्हें भंडारीदह स्थित दामोदर नदी तट ले जाया गया। जहां उन्हें उनके पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर नदी घाट पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा का चाक चौबंद व्यवस्था किया गया था।
इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ जोबा मांझी, गिरिडीह सांसद, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, आदि।
राज्यसभा सदस्य डॉ महुआ मांझी, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, डीआईजी मयूर पटेल, बोकारो डीसी कुलदीप चौधरी, एसपी चंदन झा, बोकारो विधायक विरंची नारायण, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, गोमियां विधायक डॉ लंबोदर महतो, पूर्व विधायक उमाकांत रजक, मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल, पूर्व मंत्री लालचंद महतो, आदि।
राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, फागु बेसरा, भाजपा नेता विक्रम पांडेय, योगेंद्र प्रसाद महतो, झामुमो नेता इक़बाल अहमद, शमशुल हक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी व् दिवंगत मंत्री के परिजन आदि उपस्थित थे।

सभी ने नदी घाट पर दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिवंगत जगरनाथ महतो के सिमरा कुल्ही स्थित पैतृक आवास पर जाकर उनकी धर्म पत्नी तथा पुत्रीयों से मिलकर ढांढस बँधाया।
इससे पूर्व रांची से सड़क मार्ग से होते हुए मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर शव वाहन से कड़ी सुरक्षा के साथ पेटरवार पहुंचा। जहां मंत्री के पार्थिव शरीर का एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ देखी गई। यहां से सड़क मार्ग से जैनामोड़, फुसरो पहुंचा।
यहां भी हजारों शहरवासी उनका एक झलक पाने को बेताब दिखे। यहां से भंडारीदह होते हुए उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव अलारगो स्थित सिमरा कुल्ही ले जाया गया जहां उनके परिजनों द्वारा अंतिम दर्शन के पश्चात शव को भंडारीदह के राजाबेड़ा स्थित दामोदर नदी पुल के समीप ले जाया गया जहां मुखाग्नि उनके पुत्र ने दी।
![]()












Leave a Reply