Advertisement

जेनरल ऑफिस से नुईया तक सड़क निर्माण को लेकर महिलाओं ने किया सड़क जाम

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा स्थित जेनरल ऑफिस से लेकर नुईया गांव तक 3 किलोमीटर जर्जर सड़क मरम्मत की मांग को लेकर बीते 21 जनवरी को जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सुरेन की अध्यक्षता में महिलाओं ने सड़क जाम कर दिया।

ज्ञात हो कि गुवा स्थित हाथी चौक से सलाई गांव तक पथ प्रमंडल झारखंड सरकार के तहत सड़क का निर्माण 3 वर्ष पूर्व पूर्ण किया गया था। इसी मार्ग पर स्थित गुवा सेल के जेनरल ऑफिस से लेकर नुईया गांव तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क को जर्जर अवस्था में छोड़ दिया गया था।

इस जर्जर सड़क में आए दिन दुर्घटनाएं घटती रहती है। इस सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार महिलाओं ने आंदोलन भी किया, परंतु कोई लाभ नहीं मिला। उसके बाद इस सड़क की मरम्मत को लेकर कोल्हान क्षेत्र के सांसद गीता कोड़ा ने भी मामले को संसद में उठाया। बावजूद इसके अभी तक उक्त सड़क का निर्माण नहीं होने से यहां के ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।

उक्त जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने गुवा की महिलाओं के साथ आंदोलन करते हुए सड़क की मरम्मत की मांग करते हुए जल्द से जल्द सड़क मरम्मति करने की मांग झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की है।

सड़क जाम आंदोलन के दौरान जिप अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने झारखंड सरकार को ध्यान आकृष्ट कराते हुए कड़े शब्दों में कहा कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कराया जाए, अन्यथा अनिश्चितकाल के लिए सड़क को पूर्ण रूप से बाधित कर दिया जाएगा।

इस दौरान सड़क जाम आंदोलन में गीता देवी, संजू देवी, सुमन देवी, सुशांति केराई, विमला नाग, लक्ष्मी देवी, सरिता देवी, नीलम देवी, श्रीमती मौर्या, सुखमति तिरिया, राजो देवी, मधु जोंकों के अलावा झारखंड मजदूर यूनियन सह जिला सदस्य वृंदावन गोप, सचिव हेमराज सोनार, प्रीतम गोच्छाईत सहित अन्य मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *