प्रहरी संवाददाता/विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। रोजी-रोटी कमाने जाने वाले झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब एक और झारखंड के प्रवासी मजदूर की महाराष्ट्र के नवी मुंबई में मौत की सूचना है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चिदरी निवासी राजेश साव की 6 जनवरी की सुबह नवी मुम्बई के बेलापुर में हृदय गति रूकने से मौत हो गयी।
रोज़ी-रोटी के सिलसिले में वह काफी सालों से नवी मुम्बई में रह कर जीविका चला रहे थे। अपने बीबी बच्चे के साथ वह वहीं रह रहा था।तभी बीते 5 जनवरी की अर्ध रात्रि के बाद 6 जनवरी की अहले सुबह अचानक हृदय गति रूकने से राजेश की मौत हो गयी।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उनकी मौत से जहाँ पत्नी व एकलौती बेटी आहत है वहीं परिवार के एक मात्र कमाऊं सदस्य की मौत से परिवार पर ग़मों का पहाड़ टूट गया है।
इसकी सूचना मिलते ही विष्णुगढ की आवाज ग्रुप एडमिन कुमार धर्मेन्द्र महतो बेलापुर पहुंचकर परिजनों के प्रति सांत्वना व्यक्त करते हुए हर सम्भव मदद का भरोसा देकर शव को गाँव भेजने की प्रक्रिया शुरू किया।
ग्रुप एडमिन ने कहा कि रोजी कमाने जाने वाले झारखंड के नौजवानों की मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। ऐसी स्थिति में कंपनी और सरकार की ओर से परिवार को मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को मदद करने की मांग की है।
![]()












Leave a Reply