Advertisement

हजारी में सड़क किनारे गड्ढे से वृद्ध का शव बरामद

प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। गोमियां प्रखंड के हद में हजारी स्थित सड़क किनारे गड्ढे से 3 जनवरी को एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मुख्य सड़क से कुछ ही दूरी पर बरामद किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे कार्यवाही करने की बात कही। मृतक की पहचान गोमियां कोठीटांड निवासी बिंदेश्वर पासवान के रूप में की गयी है।

जानकारी के अनुसार गोमियां थाना के हद में गोमियां-कथारा मुख्य मार्ग पर हजारी मोड़ के समीप सड़क से कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच गड्ढे से वृद्ध व्यक्ति की शव बरामद हुई। रहिवासियों की नजर उक्त शव पर पड़ी तो तुरंत इसकी सूचना गोमियां थाना को दी गयी। सूचना पाकर पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव का शिनाख्त करने में जुट गई। यह खबर रहिवासियों के बीच आग की तरह फैल गई।

बताया जाता है कि आसपास के रहिवासी इस जगह पर नित्य क्रिया के लिए आते हैं। संभवतः झाड़ियों के बीच गडढे के पानी में गिर जाने के कारण उसकी मौत हो गई।

वहीं मृतक के परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी लगी, तुरंत गोमियां थाना पहुंचकर शव शिनाख्त की। मृतक के पुत्र प्रदीप पासवान ने बताया कि उसके पिता बिंदेश्वर पासवान मानसिक की स्थिति ठीक नहीं थी। वे बीते एक जनवरी की संध्या घर से निकले थे। आज उनकी मौत की खबर मिली है।

इस सबंध में गोमियां थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनुज कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया शव देखने से लगता है कि पानी में हीं डूबने से उसकी मौत हो गयी है। शव को 4 जनवरी की सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात पुलिस कह रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *