Advertisement

कुएं में डूबने से सरहचिया के ग्रामीण की मौत

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट ओपी क्षेत्र के सरहचिया पंचायत में ग्रामीण सिकन्दर सिंह नामक व्यक्ति की कुएं में डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार लगभग 40 वर्षीय मृतक सिकन्दर सिंह आंध्रप्रदेश में मजदूरी करने का काम करता था। बीते 20 सितंबर को आंध्रप्रदेश से अपने घर सरहचिया वापस लौटकर आया था। उसी रात लगभग नौ बजे वह अपनी पत्नी को थोड़ी देर में घूमकर आता हूं, कहकर कहीं निकल गया।

काफी देर तक वापस नही लौटने पर उसके परिजनों ने अगल बगल काफी खोजबीन की, लेकिन उसका अता पता कहीं नहीं चल सका। बताया जाता है कि बीते 21 सितंबर को भी परिजनों ने काफी खोजबीन किया, फिर भी वह कहीं नही मिला।

परिजनों के अनुसार 22 सितंबर की सुबह कुछ ग्रामीण अपने जानवरों को चराने पंचायत से थोड़ी ही दूर में बने कुएं के पास गए तो कुएं में एक शव को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ कुएं के पास जमा हो गई।

परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा शव की पहचान सिकन्दर सिंह के रूप में की गई। सूचना पाकर तेनुघाट ओपी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को निकालकर अपने कब्जे में लेते हुए अंत्यपरीक्षण हेतु अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पंचायत की मुखिया बिंदु देवी, वार्ड सदस्य तारा देवी, सजंय सिन्हा, जगदीश सिंह आदि ने मृतक के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *