Advertisement

दस गांवो के वृक्षों पर रक्षाबन्धन कर रक्षा का लिया गया प्रण

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिला (West Singhbhum District) के हद में गुवा क्षेत्र में कोल्हान वन प्रमंडल के गुवा रेंज द्वारा वन क्षेत्र पदाधिकारी अखिलेश कु त्रिपाठी की अध्यक्षता में वन समितियों के दायरे में आने वाले गांवों के आसपास के जंगलों में 11 अगस्त को वृक्षों को राखियां बांधी गई।

इस कार्य में वन समितियों से जुड़े सभी सदस्य, गांव क्षेत्र की महिलाएं व वन विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। मौके पर सभी लोगों ने विभिन्न वृक्षों में रक्षा सूत्र बांधकर पेड़ की सुरक्षा का संकल्प लिया।

जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा के आस पास के दस गाँवो घाटकुडी, रोंवाम, कुमडी, वायहातु, किसिया एवं पेचा में वृक्षों पर रक्षा बन्धन किया गया। गुवा रेंज के विभिन्न वन समिति व ग्रामीण रहिवासियों ने पूरे उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में शिरकत की।

उक्त अवसर पर वन क्षेत्र पदाधिकारी अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मानव जीवन वृक्षों पर आधारित है। जीवन पर्यंत वृक्ष मानव की हर आवश्यकता की पूर्ति करता है। साथ ही साथ ऑक्सीजन गैस उपलब्ध कराता रहता है। अतः आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से वृक्षों की रक्षा का प्रण लिया गया है।

इससे पूर्व गांव के सभी रहिवासी पारंपरिक मांदर की थाप पर नृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। वहां पर गांव के स्थानीय दियूरी के द्वारा पहले पेड़ पौधे की पारम्परिक रिति-रिवाजों से पूजा अर्चना की गई। उसके उपरांत सभी सदस्यों ने एक-एक पेड़ को गोद लेकर उसे रक्षा सूत्र बांधा। उक्त अवसर पर वन विभाग गुवा के छोटे लाल मिश्रा के अगुआई में कार्यक्रमों को संपन्न कराया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *