Advertisement

जिया खान मर्डर केस में सूरज पंचोली पर आरोप तय

साभार/ मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुंबई की एक सत्र अदालत ने बॉलीवुड अभिनेता सूरज पंचोली के खिलाफ मंगलवार को आरोप तय किए। न्यायाधीश केडी शिरभाटे ने भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत 27 वर्षीय अभिनेता के खिलाफ आरोप तय किए। पंचोली के वकील प्रशांत पाटिल ने कहा, ‘सूरज ने खुद को निर्दोष बताया और गवाहों का परीक्षण 14 फरवरी से शुरू होगा।’ आरोप पत्र के मुताबिक, जिया खान तीन जून 2013 को अपने घर पर फांसी पर लटकी मिली थी। वह दो दिन से सूरज के घर पर ही रह रही थी और उसी दिन सुबह अपने घर लौटी थी।

सीबीआई के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सूरज ने तथ्य छिपाए और मनगढ़ंत जानकारी दी। सूरज ने पॉलीग्राफी या ब्रेन मैपिंग टेस्ट करवाने से भी इनकार कर दिया जबकि घटना में सूरज की कथित भूमिका को लेकर तह तक जाने के लिए एजेंसी ये जांच करवाना चाहती थी। सीबीआई ने कहा कि मुंबई पुलिस को मिला तीन पन्नों का पत्र जिया ने लिखा था जिसमें उन्होंने कथित तौर पर सूरज से ‘करीबी संबंध, शारीरिक दुर्व्यवहार और मानसिक तथा शारीरिक उत्पीड़न’ के बारे में लिखा था जिसकी वजह से उसे आत्महत्या करनी पड़ रही है।

अक्टूबर 2013 में जिया की मां राबिया खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और कहा था कि उनकी बेटी की हत्या हुई है और इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। जिसके बाद सीबीआई जांच की इजाजत दे दी गई थी। बता दें कि तीन जून 2013 को अभिनेत्री जिया खान अपने घर में पंखे से लटकते हुए मिली थीं। मुंबई पुलिस ने खुदकुशी का मामला दर्ज किया था। लेकिन जिया खान की मां राबिया खान ने सूरज पंचोली के पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। सूरज पंचोली अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे हैं। साथ ही कथित रूप से सूरज को जिया का ब्वॉयफ्रेंड बताया जाता रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *