एस.पी.सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। रामगढ़ जिला (Ramgadh district) के हद में बरकाकाना ओपी क्षेत्र के कड़रु पहाड़ स्थित दुधमटिया जंगल में 28 जून की सुबह एक युवक-युवती का पेड़ से लटकता शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां आसपास के रहिवासियों की भीड़ लग गई। लड़की के दुपट्टे के सहारे जंगल में सखुआ के पेड़ से दोनों का शव एक साथ लटकता पाया गया। घटनास्थल के ठीक बगल में एक स्कूटी क्रमांक-JH01DX-4948 खड़ी पायी गयी।
सूचना पाकर बरकाकाना ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक छानबीन कर दोनों के शव को पेड़ से नीचे उतारा। मौके पर ही ग्रामीणों ने युवती की शिनाख्त कडरू गांव निवासी कार्तिक करमाली की पुत्री मोनिका कुमारी के रूप में की, जबकि युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने युवक के पर्स से केवल उक्त युवती का फोटो बरामद किया है।
इस संबंध में बरकाकाना ओपी प्रभारी रौशन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि दोनों की मौत कैसे हुई। दोनों ने आत्महत्या की है, या दोनों की हत्या हुई है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
![]()












Leave a Reply