Advertisement

चास नगर निगम चुनाव को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को दिया जरूरी दिशा निर्देश
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। चास नगर निगम (आम) चुनाव 2021 को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधदिकारियों के साथ 26 जून को बोकारो जिला उपायुक्त (Bokaro district deputy commissioner) सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजेश सिंह ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक की।

बैठक में उन्होंने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी को अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर ससमय कोषांग के दायित्वों का निष्पादन करने को कहा। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने क्रमवार सभी नोडल पदाधिकारियों को चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) ने चास नगर निगम आम निर्वाचन से संबंधित आंकड़ों व तैयारियों को सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी से अवगत कराया। बताया कि नगर निगम क्षेत्र में वार्डों की कुल संख्या 35 है। वर्तमान में क्षेत्र की कुल जनसंख्या 1 लाख 56 हजार 888 है। वर्ष 2020 में प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 35 हजार 80 है।

जिसमें पुरूष मतदाता 73,311, महिला मतदाता 61754 एवं अन्य मतदाताओं की संख्या 15 है। मतदान कार्य के सफल संचालन के लिए कुल 41 मतदान भवन में कुल 112 मतदान केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कोषांग द्वारा सभी निर्वाचन पदों के लिए निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। इस बाबत विस्तृत मार्ग दर्शन आयोग द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है।

बताया गया कि महापौर पद के लिए उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, उप महापौर पद के लिए डीआरडीए निदेशक मो. सदात अनवर, वार्ड पार्षद पद (एक से सात) के लिए बीडीओ चास संजय शांडिल्य, वार्ड पार्षद पद (8 से 14) के लिए सीओ चास दिलीप कुमार, वार्ड पार्षद पद (15 से 21) के लिए बीडीओ पेटरवार शैलेंद्र चौरसिया, वार्ड पार्षद पद (22 से 28) के लिए सीओ बेरमो मनोज कुमार एवं वार्ड पार्षद पद (29 से 35) के लिए सीओ चंद्रपुरा संदीप कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। बताया गया कि मतदान में इस्तेमाल होने वाले ईवीएम-वीवीपैट के लिए बज्रगृह कृषि बाजार समिति चास को बनाया गया है। मतगणना केंद्र स्थल भी यही रहेगा। इसके अलावा कई अहम बिंदुओं की जानकारी सभी को दी गयी।

बैठक में उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अपर समाहर्त्ता सादात अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशिप्रकाश सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका -सह- भू-अर्जन पदाधिकारी जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) अनंत कुमार समेत सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *