
वृद्ध महिला की शिकायत पर सीएम ने सीएसपी संचालक पर कार्रवाई का दिया निदेश
एस.पी.सक्सेना/दुमका(झारखंड)। दुमका दौरे के दौरान 20 दिसंबर को झारखंड के सीएम के खिजुरिया स्थित आवास पर बड़ी संख्या में आमजन अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने पहुँचे। मौके पर उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन, राशन,आवस से संबंधित शिकायत लेकर लोग मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे थे।
इस दौरान पंचायत-सहारा तालझारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक वृद्ध महिला ने सीएसपी संचालक द्वारा धोखेबाज़ी से दस हज़ार रुपये निकासी कर लेने से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री से की। महिला के अनुसार तालझारी स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में उसका बचत खाता है। शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण वह हमेशा अपने जमा राशि की निकासी सीएसपी तालझारी से करती है। महिला ने बताया कि खाते से निकासी के लिए सीएसपी संचालक द्वारा अंगूठा लगवाया गया और कहा गया कि राशि 15 दिन बाद मिलेगी,अभी कुछ समस्या है। जब उसने अपने पासबुक को अपडेट कराया तो पता चला कि राशि की निकासी तो हो चुकी है।
वृद्ध महिला की शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबंधित अधिकारी को उक्त सीएसपी संचालक के विरुद्ध जल्द से जल्द विधिसम्मत कार्रवाई करने का निदेश दिया है।
![]()












Leave a Reply