रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य पर एक साथ पूरे बोकारो जिले में 28 नवंबर की संध्या कैंडल मार्च का आयोजन कर बाल विवाह के खिलाफ व्यापक अभियान की शुरुआत की गई।
जंक के अनुसार जिला के हद में कसमार, जरीडीह, चास, नावाडीह, गोमिया, पेटरवार सहित सभी प्रखंडों में सहयोगिनी संस्था द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एक साथ हजारों की संख्या में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध जनों ने हाथ में कैंडल लेकर मार्च निकाला तथा पूरे बोकारो जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए इसे जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।
विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराध है। इससे बच्चों का बचपन, शिक्षा और भविष्य बर्बाद हो जाता है। वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

इस अवसर पर सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने कहा कि जिले के कोने-कोने से जली यह चिंगारी पूरे बोकारो को रोशन करेगी। समाज के हर वर्ग का कर्तव्य है कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर उसे रोके और प्रशासन को जानकारी दे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रखंडों में उपस्थित रहिवासियों ने सामूहिक शपथ ली कि वे किसी भी बाल विवाह में भागीदार नहीं बनेंगे और बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
इस दौरान संस्था से रवि कुमार राय, सूर्यमणि देवी, विकास कुमार, सोनी कुमारी, अजय कुमार, कुमारी किरण, संगीता देवी, रेखा देवी, विजय कुमार यादव, सुनीता कुमारी आदि कैंडल मार्च में शामिल थे।
![]()













Leave a Reply