प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो के सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन एवं निर्देशानुसार तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 एवं नशा मुक्त युवा, विकसित युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में 28 नवंबर को बोकारो जिला के हद में उत्क्रमित उच्च विद्यालय लवालांग गोमिया में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जिला परामर्शी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम बोकारो मोहम्मद असलम ने विद्यार्थियों को तंबाकू एवं निकोटिन के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, कैंसर, हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया। साथ ही विद्यालय को तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। वहीं, जिला युवा अधिकारी, माय भारत बोकारो गौरव कुमार ने नशा मुक्त युवा, विकसित युवा भारत अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

इस अवसर पर सोशल वर्कर सदर अस्पताल बोकारो छोटेलाल दास ने तंबाकू छोड़ने की प्रक्रिया, परामर्श एवं उपचार से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक राष्ट्रीय तंबाकू मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2356 पर कॉल कर निःशुल्क परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षकगण, माय भारत से विशाल कुमार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना एवं विद्यालय परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
![]()













Leave a Reply