Advertisement

ठेका कर्मियों की छंटनी रोकने को ले सेल सीएमडी से भाजपा नेता कुमार अमित ने की भेंट

बोकारो के विकास और कर्मचारियों के लम्बित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेल के बोकारो में बीएसएल ठेका कर्मियों की जारी छंटनी रोकने सहित यहां के सर्वांगीण विकास और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भारतीय उद्योग मजदूर संघ के महामंत्री कुमार अमित ने बीते 18 नवंबर को देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित इस्पात भवन में सेल सीएमडी अशोक कुमार पांडा से मुलाकात कर 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा।

जानकारी देते हुए 19 नवंबर को भाजपा नेता कुमार अमित ने कहा कि बीएसएल में मैन पावर रेशनलाइजेशन के नाम पर लगभग 40 प्रतिशत ठेका श्रमिकों की छंटनी की जा रही है, जिससे दशकों से कार्यरत हजारों परिवार बेरोजगार हो रहे हैं और शेष कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्यभार बढ़ने से कार्यस्थल पर दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसलिए छंटनी पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने वेतन पुनरीक्षण के एरियर का शीघ्र भुगतान और इंसेंटिव रिवार्ड स्कीम का वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप पुनरीक्षण करने की मांग की।

ज्ञापन में अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए बीएसएल की लगभग 700 एकड़ अनुपयोगी भूमि के हस्तांतरण में तेजी लाने, लगभग 1000 बेड वाले बोकारो जनरल अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने तथा लगभग 80 करोड़ की लागत से बने बोकारो हवाई अड्डे को राउरकेला एयरपोर्ट की तर्ज पर नागरिक उड़ानों के लिए शुरू करने की मांग रखी गई।

इसके साथ ही सेल के खाली पड़े गैर-आवासीय भवनों को रक्षा मंत्रालय व अन्य केंद्रीय विभागों के समन्वय से एमएसएमई स्तर के हल्के उपकरण निर्माण केंद्र के रूप में उपयोग करने, हजारों ठेका श्रमिकों के हित में ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने, विस्थापित अप्रेंटिस और मृत आश्रितों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुरूप होमगार्ड के जवानों को हीं सुरक्षा के काम में लगाने, सीएसआर के तहत विस्थापित गांवों में पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार प्रशिक्षण जैसे परिक्षेत्रीय विकास कार्यों को फिर से शुरू करने तथा बीएसएल के विस्तार एवं आधुनिकीकरण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया गया। बताया कि सीएमडी पांडा ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *