Advertisement

कोयला चोरों के खिलाफ सीआईएसएफ का प्रहार, 44 बाइक व् 123 टन कोयला जब्त

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की जीरो कोल लीकेज मुहिम के तहत बोकारो जिला के हद में कोयलांचल में बीते 18-19 नवंबर को अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कड़ा प्रहार किया गया। सीआईएसएफ ने 123.880 टन अवैध कोयला एवं 44 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता पायी है।

ज्ञात हो कि, सीआईएसएफ की सतत निगरानी से अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में बेचैनी है। सीसीएल बीएंडके एरिया के कारो परियोजना बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइन्स क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन, भंडारण एवं कोयले के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ द्वारा चलाए जा रहे जीरो कोल लीकेज अभियान के तहत 18/19 नवम्बर को रात्रि लगभग 11 बजे से 2 बजे तक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।

प्राप्त इनपुट के आधार पर सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशन में सीआईएसएफ रेड टीम, आसूचना कर्मी एवं सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने संबंधित क्षेत्र में सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित कुल 123.880 टन अवैध कोयला तथा 44 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सीआईएसएफ द्वारा कोयला क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सघन गश्त, सूचना-आधारित कार्रवाई एवं आधुनिक निगरानी तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में ड्रोन एवं श्वान दस्ता के माध्यम से भी संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे दुर्गम स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध रूप से कोयला जमा करने वाले ठिकानों पर नजर रखने में सहायता मिलती है। जमीनी स्तर पर तैनात बल एवं तकनीकी निगरानी के समन्वय से अवैध गतिविधियों की पहचान और समयबद्ध कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीआईएसएफ की सतत निगरानी, कार्यप्रणाली एवं त्वरित कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त तत्वों पर दबाव बढ़ रहा है। स्पष्ट संदेश है कि कोयला संपदा की चोरी, अवैध भंडारण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के दायरे में रहकर ऐसी गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीआईएसएफ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कर रहा है।

कोयला संपदा की सुरक्षा,औद्योगिक प्रतिष्ठानों की संरक्षा तथा राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान से बचाना बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जीरो कोल लीकेज अभियान इसी संकल्प का परिचायक है, जिसके अंतर्गत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करते हुए कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीआईएसएफ ने अपील की है कि स्थानीय रहिवासी एवं आमजन कोयला चोरी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासन को दें तथा राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें। आमजन के सहयोग, विश्वसनीय सूचना तंत्र और सतत निगरानी के माध्यम से अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। सीआईएसएफ का संदेश स्पष्ट है कि राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सर्वोपरि है।

कर्तव्य में ईमानदारी अडिग और अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। छापामारी अभियान में उप कमाण्डेंट गारा अभिलाष, धनंजय कुमार पांडेय, निरीक्षक पी के सिंह, शिला टोप्पो, रवि रंजन व अन्य, सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारी पी एन सिंह, सुरक्षा विभाग के मनोज तिवारी एवं अन्य शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *