Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में सीपीडी कार्यशाला का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो थर्मल स्थित केंद्रीय विद्यालय में बीते 16 नवंबर को इन-हाउस -ट्रेनिंग सतत व्यावसायिक विकास (सीपीडी) कार्यशाला का आयोजन किया गया।

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य एवं शिक्षाविद डॉ बलराम डे के निर्देशन के अनुसार उक्त कार्यशाला का आयोजन विद्यालय के लैंग्वेज लैब में समस्त शिक्षकों/ शिक्षिकाओं लिए किया गया। कार्यशाला का विषय-वस्तु 21वीं सेंचुरी स्किल्स ( 21वीं सदी के कौशल) था। विद्यालय के पीजीटी अंग्रेजी एवं संसाधक शशि रंजन ने कार्यशाला का संचालन किया, उन्होंने पीपीटी और शोर्ट वीडियोज के माध्यम से विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा के क्रम में शिक्षकों ने अपनी राय साझा की। यह सेशन काफ़ी उपयोगी तथा संवादात्मक रहा।

प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज की दुनिया तेजी से बदल रही है और केवल किताबी ज्ञान से जीवन की चुनौतियों का सामना करना संभव नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 21वीं सदी में सफलता के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कुछ विशिष्ट और व्यावहारिक कौशलों का होना अनिवार्य है। कार्यशाला में उन्होंने महत्वपूर्ण चार आधारभूत कौशल यथा क्रिटिकल थिंकिंग (आलोचनात्मक सोच), क्रिएटिविटी (सृजनात्मकता), कोलैबोरेशन (सहयोग) और कम्युनिकेशन (संवाद) को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल क्या पढ़ना है रटने के बजाय कैसे सोचना है और समस्याओं का समाधान कैसे करना है, यह सीखना होगा।

​तकनीकी साक्षरता और डिजिटल दक्षता पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्य ने कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा और तकनीक का युग है। कहा कि छात्रों और शिक्षकों दोनों को डिजिटल टूल्स के साथ सहज होना होगा। तकनीकी ज्ञान के बिना भविष्य के करियर विकल्पों में टिक पाना कठिन होगा।

​मूल्यपरक शिक्षा और चरित्र निर्माण पर जोर देते हुए तकनीक और कौशल के बीच संतुलन बनाते हुए नैतिक मूल्यों, सहानुभूति (इमपैथी) और नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक कुशल पेशेवर बनने से पहले एक अच्छा और संवेदनशील इंसान बनना जरूरी है।
कार्यशाला के अंत में उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आह्वान किया, कहा कि बच्चों को सिर्फ परिणाम (मार्क्स) के पीछे न भगाएं, बल्कि उनकी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करें और उन्हें गलतियों से सीखने का अवसर दें।

प्राचार्य डे ने कहा की बदलाव समय की माँग है। हमे क्लासेज में विद्यार्थियों की आवश्कताओं को समझना होगा एवं शिक्षकों को अपने बच्चों के समग्र विकास के प्रति जागरुक होना होगा। पठन पाठन के तरीके में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बदलाव लाने की ज़रूरत है, ताकि इस तरह प्रत्येक शिक्षक एक समर्थ शिक्षक बन सकेंगे और विद्यार्थी सफल होंगे। इसके उपरांत कार्यशाला में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक राकेश कुमार पाठक ने सारगर्भित विचार रखे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *