Advertisement

कल्याण विभाग की योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, कार्य प्रगति में लाने का निर्देश

छात्रवृत्ति, धूमकुड़िया भवन, कब्रिस्तान घेराबंदी व् सौंदर्यीकरण की समीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 17 नवंबर को जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने जिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान, धूमकुड़िया भवन निर्माण, कब्रिस्तान की घेराबंदी एवं सौंदर्यीकरण, साइकिल वितरण, सरना स्थल सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

समीक्षा के क्रम में डीसी ने सभी योजनाओं की वित्तीय वर्षवार स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य प्रारंभ, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के लिए प्राप्त आवंटन, अब तक किए गए व्यय एवं शेष राशि की जानकारी प्राप्त की। लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगले तीन दिनों में कार्य प्रगति में तेजी लाने तथा लंबित मामलों के निष्पादन की दिशा में ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बताया जाता है कि डीसी ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाएं।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लाभुकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही एवं अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मौके पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (एपीआरओ) अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *