रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में प्रजापति धर्मशाला जैनामोड़ में 12 नवंबर को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) जरीडीह प्रखंड कमेटी का पुनर्विस्तारीकरण और पुनर्गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो की अध्यक्षता एवं प्रेम प्रकाश उर्फ पंचू प्रजापति के संचालन में आयोजित इस बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ नवनिर्वाचित जरीडीह प्रखंड अध्यक्ष के रूप में रथू लहरी के नाम की घोषणा की गई और उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने कहा कि प्रखंड कमेटी का यह विस्तार केवल पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने का बड़ा संकल्प है। कहा कि आज आमजन बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। नई कमेटी हर मोर्चे पर आमजनों के हक की लड़ाई लड़ेगी।
केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर महतो ने कहा कि आज झारखंड की जनता बदलाव चाहती है और उसकी उम्मीदें सिर्फ और सिर्फ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा से जुड़ी हैं। प्रखंड स्तर पर मजबूत और जुझारू नेतृत्व खड़ा होने से पार्टी की जड़ें और गहरी होंगी। हमें पूरी ईमानदारी और एकजुटता के साथ जनसमस्याओं के समाधान के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठानी होगी। नव-घोषित प्रखंड अध्यक्ष
रथू लहरी ने कहा कि संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जरीडीह प्रखंड के हर एक गांव और टोले तक संगठन की नीतियों को पहुंचाकर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनहित के मुद्दों पर पुरजोर तरीके से संघर्ष किया जाएगा।
केंद्रीय प्रवक्ता विजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड स्तर पर ऊर्जावान साथियों को जोड़ने से संगठन को नई ताकत मिली है। अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व के साथ हमें आगे बढ़ना है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा देवी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी बेहद जरूरी है। इस नई कमेटी में माताओं-बहनों की मजबूत भागीदारी पार्टी को अभूतपूर्व ताकत देगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से केंद्रीय संगठन महासचिव उत्पल मंडल, केंद्रीय महासंगठन सचिव बप्पी मिश्रा, सहदेव साहू, केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर महतो, प्रमंडलीय उपाध्यक्ष बबलू मंडल, जिला महासचिव सोमनाथ शिखर, गोरिया उपाध्यक्ष अब्दुल मुतालिब, रोहित मल्लाह, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष जिलानी अंसारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा देवी, केंद्रीय एसटी मोर्चा उपाध्यक्ष मोहन मरांडी, महिला मोर्चा की आशा मरांडी, जादा मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अफसर अंसारी, मंसू महतो, केंद्रीय पदाधिकारी विश्वजीत महतो, फुरकान अंसारी, मगन कपड़ा, नलिन, अशोक सोरेन, अमित महतो, दीपक, बबलू, पंचू, संजय, रोहित सहित भारी संख्या में प्रखंड के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply