Advertisement

नशे के लिए पैसे नहीं मिले तो पत्थर से कूचकर बुजुर्ग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नाइन में 24 अक्टूबर की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे नहीं देने और मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से बुजुर्ग भरत सिंह के सिर पर जोरदार वार किया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

हरला थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की सुबह लगभग 5:15 बजे सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के दक्षिण दिशा के पास हुई। कहा कि भरत सिंह रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे। इस दौरान लाल कंबल ओढ़े खड़े आरोपी पंकज साव ने उनसे नशा करने के लिए पैसे मांगे। सिंह ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उनकी जेब में रखा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने सड़क किनारे पड़े पत्थर से हमला कर दिया, जिससे सिंह की मौत हो गई।

मृतक के पुत्र अशोक कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर हरला थाना में कांड क्रमांक 109/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंचने में हरला पुलिस कामयाब रही है।

बताया जाता है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर आरोपी को सेक्टर-9 के स्ट्रीट नंबर 36 स्थित वैशाली मोड़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर, खून लगा शर्ट, मृतक का मोबाइल, टूटा चश्मा और कंबल जब्त किया है। नगर डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के तीन घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *