Advertisement

खुशहाल राष्ट्र निर्माण के लिए खुशनुमा शैक्षणिक वातावरण जरूरी-डॉ गंगवार

डीपीएस बोकारो में शिक्षकों के लिए सीबीएसई की हैप्पी क्लासरूम कार्यशाला

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षण व्यवस्था को आनंददायक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को डीपीएस बोकारो में सीबीएसई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पटना (बिहार) के तत्वावधान में हैप्पी क्लासरूम विषय पर एक दिवसीय क्षमता-निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को खुशहाल कक्षा के महत्व से अवगत कराना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर सह डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने रिसोर्स पर्सन्स के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि हैप्पी क्लासरूम केवल हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा वातावरण बनाना है, जहां बच्चे सुरक्षित, सहज और प्रसन्न महसूस करें। कहा कि खुशहाल शिक्षक ही आनंदित कक्षा और विद्यालय का निर्माण कर सकते हैं। इससे खुशहाल समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव मजबूत होती है।

मुख्य रिसोर्स पर्सन गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (जीजीपीएस) सेक्टर पांच बोकारो के प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रभावी शिक्षण के लिए शिक्षकों का विद्यार्थियों से भावनात्मक जुड़ाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों की भावनाओं और जरूरतों को समझना चाहिए। वहीं, वरीय शिक्षिका सुषमा सिंह ने कक्षा को सकारात्मक, समावेशी और आनंददायक बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यशाला में विभिन्न गतिविधियों, प्रस्तुतियों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से शिक्षकों को अपनी शिक्षण शैली अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *