कार्यालय संवाददाता/मुंबई। भारतीय प्रबंधन संस्थान मुंबई में हिंदी पखवाड़ा एवं हिंदी प्रोत्साहन योजना का पुरस्कार वितरण समारोह, राजभाषा संगोष्ठी तथा हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन 21 अक्टूबर को किया गया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के प्राध्यापक प्रो. संजीव वर्मा ने की जबकि स्वागत भाषण मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ले.क. (श्रीमती) निशा सिंह ने दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हरीश सिंह चौहान, उप निदेशक (कार्यान्वयन), पश्चिम क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा हास्य कवि सुरेश मिश्र उपस्थित थे। समारोह में अतिथियों के हाथों हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित विविध प्रतियोगिताओं, हिंदी प्रोत्साहन योजना, आदि के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिए गए।
आईआईएम के इस समारोह में हरीश सिंह चौहान ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और सभी लोगों से हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ाते रहने के लिए प्रेरित किया। अतिथि हास्य कवि के रूप में उपस्थित सुरेश मिश्र ने अपनी हास्य-व्यंग्य कविताओं से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के अध्यक्ष प्रो. संजीव वर्मा, प्राध्यापक, ने संस्थान में हिंदी के बढ़ते प्रयोग के लिए संस्थान के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा हिंदी पखवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिताओं में विजयी हुए प्रतियोगियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निदेशक प्रो. मनोज कुमार तिवारी की ओर से अपने वक्तव्य में संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए अपनी वचनबद्धता दोहरायी।
कार्यक्रम का संचालन मो. आफताब आलम, सहायक प्रशासनिक अधिकारी ग्रेड 1 (हिंदी भाषा) ने किया एवं श्री सुरेश हजाम, वरिष्ठ हिंदी अनुवादक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में संस्थान के संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्रों के लिए निबंध लेखन, वर्ग पहेली, प्रश्नावली, टिप्पण लेखन, हिंदी टंकण, चित्रकथा लेखन, स्वरचित काव्य पठन, सुंदर हस्तलेखन, श्रुत लेखन, आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की और पुरस्कार जीते।
Tegs: #Official Language Seminar and Humorous Poets’ Gathering at IIM Mumbai
![]()













Leave a Reply