Advertisement

पूर्व इंजीनियर ने की 23 की बैठक में बाँध प्रमंडल को भी शामिल करने की मांग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आगामी 23 अक्टूबर को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय में आयोजित होने वाली बैठक में जल संसाधन विभाग तेनुघाट बाँध प्रमंडल को भी शामिल करने की मांग उठी है। पूर्व इंजीनियर सूरजन कपरदार ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि बैठक में कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, तेनुघाट बाँध प्रमंडल को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि संबंधित विषयों पर विभागीय पक्ष और आवश्यक तथ्यों को सामने रखा जा सके।

इंजीनियर कपरदार के अनुसार राज्य की नदियाँ, नाले, झरने और अन्य जल संसाधन बहुमूल्य संपदा हैं। इनके संरक्षण, प्रबंधन तथा राजस्व से जुड़े मामलों में जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में संबंधित विभाग के अधिकारी की बैठक में उपस्थिति आवश्यक है, ताकि विषय पर व्यापक चर्चा हो सके और सभी संबंधित पहलुओं की जानकारी प्राप्त की जा सके।

कपरदार ने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010-11 में जब वे कार्यपालक अभियंता बाँध प्रमंडल तेनुघाट के पद पर पदस्थापित थे, तब तेनुघाट विद्युत निगम लिमिटेड (टीवीएनएल) तथा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) बोकारो से संबंधित बकाया राजस्व के मामले में नोटिस जारी किए गए थे। उनके अनुसार, उस दौरान टीवीएनएल द्वारा 30 लाख रुपये राजस्व जमा भी किया गया था।

उन्होंने इस मामले में शेष बकाया राजस्व की स्थिति की समीक्षा करने तथा राजस्व वसूली से संबंधित अभिलेखों की जाँच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की संपदा और राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। इंजीनियर कपरदार ने डीसी से आग्रह किया है कि 23 अक्टूबर की बैठक में तेनुघाट बाँध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि संबंधित विभाग का पक्ष सामने आ सके और मामले पर समुचित चर्चा हो सके।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *