एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नगर परिषद फुसरो के अंतर्गत कार्यरत 6 UAAM स्वास्थ्य कर्मियों ने मानदेय भुगतान न होने के कारण 13 अक्टूबर से हड़ताल शुरु कर दिया है।
बताया जाता है कि इस संबंध में कर्मियों ने बीते 12 अक्टूबर को कार्यपालक पदाधिकारी (नगर परिषद फुसरो) और आर.एस.एस. प्राइवेट लिमिटेड (रांची) के महाप्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा है। पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी दयनीय स्थिति का वर्णन करते हुए कहा है कि नगर परिषद कर्मियों को पिछले 13 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।
कहा गया कि मानदेय प्राप्ति के लिए पिछले छह महीने से विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाकर कर्मी शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके हैं। आर्थिक तंगी के कारण भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है और कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए भाड़ा जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। कर्ज देने वाले महाजन उन्हें तंग कर रहे हैं।
कहा गया कि सिर पर दुर्गा पूजा जैसा बड़ा त्योहार होने के कारण उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। इन सभी परिस्थितियों से हताश होकर सभी कर्मियों ने 13 अक्टूबर से नगर परिषद फुसरो कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करते हुए हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। कर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने पर उसकी जिम्मेदारी किसी भी कर्मी की नहीं होगी। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मानदेय भुगतान कराने का विनम्र निवेदन किया है, ताकि वे अपने कार्य पर वापस लौट सके।
इस बावत नगर परिषद फुसरो के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि तीन माह का पैसा का भुगतान किया जा रहा है। बाकी बचे मानदेय का भुगतान पूजा के बाद कर दिया जाएगा। सूचना पत्र की प्रतिलिपि सिविल सर्जन बोकारो, नोडल पदाधिकारी (NUHM) बोकारो, सहायक श्रम आयुक्त बोकारो, आर.एस.एस. प्राइवेट लिमिटेड रांची, सीओ, बीडीओ और थाना प्रभारी बेरमो को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाले कर्मियों में एमपीडब्ल्यू दीपक कुमार महतो, राजेश महतो, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, राजेश कुमार रजक, अनिल कुमार रजक, एसजी तुषार कुमार और जीएनएम सुमन टोपनो शामिल हैं।
![]()













Leave a Reply