Advertisement

एसपीएस सेमिनरी में स्काउट-गाइड के प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारत स्काउट और गाइड सारण के तत्वावधान में जिला के हद में एसपीएस सेमिनरी सोनपुर में 13 अक्टूबर को प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सोनपुर तारा कांत ने शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।

मौके पर उनके साथ शिक्षक अमरनाथ ओझा भी साथ थे। बताया जाता है कि यह शिविर जिला शिक्षा पदाधिकारी सारण द्वारा निर्गत पत्र के आलोक में आयोजित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उक्त प्रशिक्षण शिविर में एसपीएस सेमिनरी सोनपुर, शिव दुलारी उच्च विद्यालय सोनपुर तथा शिशु संघ सोनपुर के स्काउट एवं गाइड उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्काउटिंग- गाइडिंग के मूल सिद्धांतों, अनुशासन, सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता, स्वावलंबन और सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित बुनियादी जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार शिविर के सफल संचालन के लिए जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह को शिविर प्रधान नियुक्त किया गया है। वहीं विद्यालय के शिक्षक सह स्काउट मास्टर अमित कुमार को शिविर सहायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षक आशुतोष कुमार एवं अभिषेक कुमार भी प्रशिक्षण कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सत्येन्द्र कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। शिविर के आयोजन से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, सहयोग, सेवा और नेतृत्व जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास होगा। स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण साबित होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *