Advertisement

उप विकास आयुक्त ने की जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा

आंगनबाड़ी भवन निर्माण में तेजी व् लंबित कार्यों का करें शीघ्र निष्पादन-डीडीसी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में 13 अक्टूबर को जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन तथा समेकित बाल विकास सेवाएं (आइसीडीएस) की समीक्षा की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, भवन निर्माण, पोषण ट्रैकर एप में लाभुकों के आंकड़ों की प्रविष्टि तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने एनआरईपी के अभियंता एवं गोमिया प्रखंड की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को योजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा नहीं करने के कारण स्पष्टीकरण करने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि आइसीडीएस के तहत संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन, योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में जितने भी ड्यू लिस्ट एवं एनपीसीआई और एफआरएस के 828 मामले है उसे एक सप्ताह के अंदर निष्पादन करने का निर्देश सभी महिला पर्यवेक्षकों को दिया गया।

डीडीसी ने पोषण ट्रैकर एप पर लाभुकों से संबंधित आंकड़ों को नियमित रूप से अद्यतन करने तथा आइसीडीएस की योजनाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को सभी स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिन केंद्रों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं किया गया है, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर एप पर लाभुकों का अद्यतन विवरण दर्ज करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता सहित विभिन्न प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *